![]()
मुजफ्फरपुर की माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरुवार को कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में उनके पटना, मुजफ्फरपुर और सहरसा स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। निगरानी ब्यूरो ने 4 नवंबर को सुशील कुमार के खिलाफ 1 करोड़ 58 हजार 733 रुपए की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में केस दर्ज किया था। विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से सर्च वारंट मिलने के बाद गुरुवार को तीन टीमों ने तलाशी शुरू की। छह अचल संपत्तियों का पता चला निगरानी की प्रारंभिक जांच में सुशील कुमार, उनकी पत्नी चांदनी गुप्ता और परिजनों के नाम पर छह अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 37 लाख 71 हजार 400 रुपए बताई गई है। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में करीब 28 लाख 54 हजार रुपए जमा होने की जानकारी भी मिली है। ज्ञात आय से 110% अधिक संपत्ति का आरोप निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सुशील कुमार के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 110 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है। इसी आधार पर निगरानी थाना कांड संख्या 131/26 दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट लेकर तीनों ठिकानों पर छापेमारी की गई। वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी फिलहाल पटना, मुजफ्फरपुर और सहरसा में उनके आवास और कार्यालयों की तलाशी ली जा रही है। निगरानी टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खाते और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। तलाशी पूरी होने के बाद संपत्ति और अन्य दस्तावेजों को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।
Source link