![]()
औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेला गांव में पिता की हत्या के मामले में गवाही देने की कीमत एक परिवार को मारपीट के रूप में चुकानी पड़ी। आरोप है कि मुकदमा उठाने और समझौता करने से इनकार करने पर आरोपितों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल धर्मवीर पासवान के सिर में गंभीर चोट आई है। 2021 में हुई थी पिता की हत्या, कोर्ट में चल रहा है मुकदमा सदर अस्पताल में इलाज करा रहे धर्मवीर पासवान ने बताया कि 9 फरवरी 2021 को उनके पिता की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में उन्होंने गवाही दी थी। फिलहाल मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है। धर्मवीर का आरोप है कि इसी मुकदमे को लेकर गांव के ही कृष्णा पासवान, उमेश पासवान, विमला देवी और ललसा देवी लगातार उन पर केस उठाने का दबाव बना रहे थे। आरोपितों की ओर से कई बार धमकी दी गई कि मुकदमा वापस ले लें और समझौता कर लें। लेकिन धर्मवीर ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि इसी बात को लेकर आरोपितों ने उनके परिवार को निशाना बनाया। आरोप है कि सभी आरोपित गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आए और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में धर्मवीर, उनकी पत्नी और बेटा जख्मी हो गए। धर्मवीर के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि पत्नी और बेटे को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने दर्ज किया घायलों का बयान, प्राथमिकी की कार्रवाई शुरू घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बताई जा रही है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर न्यायालय में भी मामला विचाराधीन है। हालांकि, ताजा घटना में हुई मारपीट को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। इधर, इस मामले में आरोपित पक्ष का बयान नहीं मिल सका है। उनका पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा। फिलहाल घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Source link