![]()
जिला उपभोक्ता अदालत ने मंगलवार को बीमा कंपनी को 45 दिन के अंदर 1 लाख 77 हजार 582 रुपए देने का आदेश दिया। कंपनी को इस रकम पर 6% सालाना ब्याज और 10 हजार रुपए वाद खर्च भी देना होगा। मामला 12 साल पुराना है।
अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि शिकायत वाद संख्या 59/15 में जगजीवन राम वुटकरी ने डीलर रामानंदी ऑटो मोबाइल प्राइवेट लिमिटेड, डोभी, गया के साथ आईसीआईसीआई लोम्बार्ड मोटर के मुख्य प्रबंधक और शाखा प्रबंधक के खिलाफ शिकायत की थी।
शिकायत के मुताबिक, जगजीवन राम ने 27 फरवरी 2014 को वाहन खरीदा था और उसका बीमा 27 फरवरी 2015 तक कराया था। कठतारा, रफीगंज जाते समय वाहन रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने वाहन में आग लगा दी और वह जलकर राख हो गया। इस घटना की प्राथमिकी संख्या 94/14 थी। पुलिस ने घटना की पुष्टि की थी।
शिकायतकर्ता ने बीमा कंपनी से क्लेम मांगा। कंपनी ने जरूरी दस्तावेज लेने के बाद भी भुगतान नहीं किया, जिसके बाद उन्होंने अदालत में वाद दायर किया।
अदालत के सदस्य बद्रीनारायण सिंह ने भुगतान का आदेश दिया। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता रविन्द्र सिंह और बीमा कंपनी की ओर से अजय शर्मा मौजूद थे।
Source link