![]()
दीपावली को लेकर दुकान की सफाई करते वक्त युवक को सांप ने डस लिया। जिसके बाद युवक की स्थिति बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक सिमरा थाना के अमरपुर गांव निवासी पदुम बैठ के बेटे रंजीत कुमार (35) के रूप में हुई है। रंजीत कुमार सिमरा बिजार में जूता-चप्पल और कपड़ों की सिलाई की दुकान चलाते थे। इलाज में लापरवाही का आरोप, सदर अस्पताल में परिजनों का हंगामा युवक की मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में मौजूद परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से भी इनकार कर दिया। मृतक के छोटे भाई मुन्ना रजक ने बताया कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, चिकित्सक डॉ. सुजीत मनोहर ने परिजनों के आरोपों पर बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल में जो भी संभव उपचार था, वह किया गया। इसके बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को समझाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। लकड़ियों के ढेर से निकलते हैं सांप स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर रंजीत की दुकान है, उसके बगल में आरा मशीन संचालित होती है। वहां आसपास बड़ी मात्रा में लकड़ियों का ढेर लगा रहता है। लोगों का कहना है कि लकड़ियों के ढेर में अक्सर सांप छिपे रहते हैं और पहले भी कई बार वहां से सांप निकल चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि दुकान की सफाई के दौरान लकड़ियों या आसपास के किसी स्थान पर छिपे सांप ने रंजीत को डस लिया। रंजीत के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना की सूचना मिलने पर भरौंधा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष नागेंद्र कुमार मेहता और समाजसेवी नितिश कुमार भी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
Source link