Newswahni

कई घंटों की बारिश से दिल्ली बेहाल नोएडा से फरीदाबाद तक घंटों जाम कई इलाकों में गिरे मकान दो दिनों तक राहत नहीं…



दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह से जारी मूसलाधार बारिश के कारण राजधानी दिल्ली सहित गुरुग्राम और नोएडा की रफ्तार थम सी गई। सड़कों पर कई फीट तक पानी भर जाने से घंटों तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिससे दफ्तर जाने और वापस लौटने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगा जाम, मंदिर में भरा पानी

गुरुग्राम में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की रफ्तार बहुत धीमी हो गई। दिल्ली से जयपुर जाने वाली लेन पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इसके अलावा, मशहूर सिद्ध पीठ शीतला माता मंदिर के आसपास बाढ़ जैसे हालात बन गए। बारिश का पानी मंदिर परिसर के भीतर तक पहुंच गया और इलाके में करीब ढाई से तीन फीट तक जलभराव हो गया। पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय निवासियों ने हर साल होने वाली इस समस्या को लेकर प्रशासन और सरकार के प्रति गहरा आक्रोश जताया।

दक्षिण दिल्ली की सड़कें बनीं नदी, कई गाड़ियां फंसीं

दिल्ली में भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर दक्षिण दिल्ली के इलाकों में देखने को मिला। महरौली-बदरपुर (MB) रोड पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे सड़क किसी नदी जैसी नजर आने लगी। जलभराव के कारण कई गाड़ियां बीच रास्ते में ही बंद हो गईं और चालकों को लंबे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा। सफदरजंग में 57.3 मिमी और जनकपुरी में सबसे ज्यादा 62.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

ऑफिस से घर लौट रहे लोग जाम में फंसे

नोएडा में भी लगातार बारिश के चलते स्थिति गंभीर बनी रही। शाम को दफ्तरों की छुट्टी के समय सड़कों पर गाड़ियों का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लग गया। सेक्टर-37 से सेक्टर-18 की तरफ जाने वाले रास्ते पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं। 

ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने का प्रयास करती रही, लेकिन जलभराव के कारण ट्रैफिक काफी देर तक प्रभावित रहा।

9 मकान गिरे और कई जगह गिरे पेड़

बारिश केवल ट्रैफिक जाम ही नहीं, बल्कि कई हादसों का कारण भी बनी। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, लगातार बारिश के कारण शहर में मकान गिरने की 9 और पेड़ गिरने की 16 घटनाएं सामने आईं। एक जगह पेड़ गिरने से तीन महिलाएं मकान के अंदर फंस गईं, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी 

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार देर रात तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। शनिवार से बारिश की तेजी में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें – ‘कोई लिखता है, अफवाह फैलती है…’, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गैस की कीमत बढ़ने की अटकलों पर लगाया विराम



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top