बांका के कटोरिया प्रखंड अंतर्गत अबरखा में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार को बांका प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने फीता काटकर,दीप प्रज्ज्वलित कर तथा शंखध्वनि के साथ विधिवत क
.
उद्घाटन समारोह में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार,लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी शामिल हुए ।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…



इसके अलावा बांका विधायक रामनारायण मंडल, अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, कटोरिया विधायक पूरनलाल दुड्डू तथा भागलपुर-सह-बांका स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद विजय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल,पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह से पूर्व प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार की गई टेंट सिटी तथा जीविका दीदी की रसोई का लोकार्पण किया।
इसके बाद उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की विभागीय प्रदर्शनी एवं सूचना केंद्र, अस्थायी थाना, मेडिकल सेंटर, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई पेयजल व्यवस्था, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया ।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मौके पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने जिला प्रशासन द्वारा श्रावणी मेला-2026 के सफल आयोजन के लिए की गई तैयारियों और विकास कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे कांवरियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले प्रत्येक कांवरिया श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा का अनुभव मिले।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों से सेवा-भाव, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं, ताकि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह तथा शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने संबोधन में कांवरिया पथ पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, चिकित्सा एवं विश्राम जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से संपूर्ण कांवरिया पथ पर दंडाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है तथा प्रतिदिन इसकी नियमित निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए रोस्टर के अनुसार सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार साफ-सफाई, कचरा निष्पादन और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं। पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे कांवरिया पथ एवं मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है।

संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सेवा-भाव और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करें, ताकि प्रत्येक कांवरिया सुरक्षित एवं सहज वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सके।
उद्घाटन समारोह के साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का औपचारिक शुभारंभ हो गया और अब बड़ी संख्या में कांवरियों का आगमन लगातार जारी है।