![]()
बेगूसराय में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़ी बलिया निवासी अशोक कुमार गुप्ता(40) के तौर पर हुई है। घटना NH-31 फोरलेन पर पोखरिया ढाला के पास की है। जानकारी के मुताबिक अशोक रोज की तरह सुबह अपने गाड़ी से बच्चों को स्कूल छोड़ने गए थे। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद लोहिया नगर थाना क्षेत्र के भर्रा गांव में रह रही अपनी मां से मिलने के लिए आ रहे थे। रास्ते में ट्रक ने रौंद दिया। डेढ़ घंटे तक रोड जाम हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने उचित मुआवजा और दोषी ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल हाइवे को पूरी तरह से जाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही और आवागमन ठप रहा। हालांकि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। जाम की सूचना पर बलिया थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को ढांढस बंधाया और कानूनी कार्रवाई -सरकारी सहायता का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घर में मचा कोहराम घर के कमाने वाले मुख्य सदस्य की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भतीजे गौतम ने बताया कि वह अपने साइड से ही बाइक से जा रहे थे। लेकिन पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Source link