![]()
सीवान के एमएच नगर थाना क्षेत्र के रजनपुरा गांव स्थित एक सरकारी हाई स्कूल की शिक्षिका को वटवृक्ष से पूजा के धागे काटने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। वायरल वीडियो में शिक्षिका स्कूल के पास स्थित एक वटवृक्ष पर हिंदू महिलाओं द्वारा पति की लंबी आयु के लिए बांधे गए पूजा के धागों को कैंची से काटती हुई दिख रही हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षिका ने विरोध करते हुए सभी धागों को काट दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में विवाद बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्कूल के प्रधानाध्यापक और शिक्षिका के परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शिक्षिका को अपने साथ ले गए। शिक्षिका का मानसिक स्थिति ठीक नहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, शिक्षिका के परिजनों ने दावा किया है कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्होंने अनजाने में यह कृत्य किया। इस दावे के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि यदि शिक्षिका की मानसिक स्थिति वास्तव में ठीक नहीं है, तो उन्हें सरकारी हाई स्कूल में गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय की जिम्मेदारी कैसे सौंपी गई थी। जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो सामने आने के तुरंत बाद जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को विद्यालय भेजा गया। झूठे मामलों में फंसाने की मिली धमकी जांच के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षिका अक्सर अन्य शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करती थीं, अपशब्दों का प्रयोग करती थीं और पुरुष कर्मियों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी देती थीं। प्रधानाध्यापक ने यह भी आरोप लगाया कि वटवृक्ष पर बंधे धार्मिक धागों को काटकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया। डीईओ ने बताया कि डीपीओ की जांच रिपोर्ट और प्रधानाध्यापक के लिखित आवेदन के आधार पर संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले के अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कराई जा रही है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Source link