
IMD Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत देश के 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कल (9 जुलाई) गुरुवार को मानसूनी बारिश ने दिल्ली और आस-पास के इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। भारी जलभराव, पेड़ गिरने और सड़क धंसने जैसी घटनाओं से लोग परेशान हो उठे, ऐसे में आज का बारिश का अलर्ट समस्या को और बढ़ा सकता है।
सिर्फ उत्तर प्रदेश में बारिश से 19 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में आफत की बारिश से सुरक्षित रहना बेहद जरूरी हो गया है। IMD भी लगातार बारिश के वक्त सतर्क रहने की सलाह दे रहा है। गाजियाबाद में घर के बाहर जलभराव में डूबकर 3 साल की बच्ची की मौत हो गई, समयपुर बादली में भी बारिश के पानी के जमा होने के कारण 7 साल के बच्चे की डूब कर मौत हो गई, वहीं इंदिरापुरम में ट्रांसफार्मर से करंट लगने से एक चौकीदार की जान चली गई।
दिल्ली के भोगल अंडरपास में पानी में बीएमडब्ल्यू कार फंस गई। साहिबाबाद में सड़क धंसने से एक कार समा गई और कई सोसायटियों में जलभराव से 200 से ज्यादा वाहन खराब हो गए। वहीं, पूर्वी कैलाश और रोहिणी में भारी पेड़ गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (10 जुलाई) दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे, वहीं भारी बारिश का भी अलर्ट है। रात में तेज आंधी और तूफानी हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक रहने की संभावना जताई जा रही है।
11 जुलाई: आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होगी। अधिकतम 36 डिग्री, न्यूनतम 25 डिग्री।
12 जुलाई: आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, अधिकतम 37 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री।
13 जुलाई: आंशिक रूप से पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। अधिकतम 37 डिग्री, न्यूनतम 27 डिग्री।
14 जुलाई: आंशिक बादल छाए रहेंगे, अधिकतम 37 डिग्री, न्यूनतम 28 डिग्री।
15 जुलाई: आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, अधिकतम 35 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री।
इन राज्यों में भी बारिश से बुरा हाल
राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत 60 से ज्यादा जिलों में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। बुलंदशहर में मकान की दीवार गिरने से एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पूर्वांचल के चार जिलों में वज्रपात से सात लोगों की जान गई। गुजरात के सूरत में बारिश से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हुई। उत्तराखंड के कई जिलों में स्कूल बंद रहेंगे और भूस्खलन से 84 से ज्यादा सड़कें अवरुद्ध हैं। हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।