![]()
किशनगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ अपनी कार्रवाई में एक और सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक किशनगंज के निर्देश पर साइबर थाना टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक पीड़ित को उसकी ठगी गई राशि वापस दिलाने में कामयाबी पाई है।
.
साइबर थाना को 8 जुलाई 2026 को साइबर ठगी से संबंधित एक शिकायत मिली थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना की टीम सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
तकनीकी अनुसंधान और संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इस त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पीड़ित के 12,000 रुपए सफलतापूर्वक वापस रिफंड करा दिए गए।
ठगी गई राशि को कराए फ्रीज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। त्वरित सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को फ्रीज कराने और उसे वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से साइबर थाना लगातार लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य भी कर रहा है।
किशनगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, यूपीआई ठगी, बैंक खाते से अवैध निकासी या अन्य साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
लोगों से समय पर शिकायत करने की अपील
पुलिस का कहना है कि सतर्कता और समय पर शिकायत ही साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई का सबसे बड़ा माध्यम है। जिले में साइबर अपराध के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।