![]()
मधुबन में उत्पाद विभाग ने जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजनगर थाना क्षेत्र के डीएनवाई कॉलेज के पास से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से कुल 34 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने सोमवार सुबह 8:30 बजे बताया कि सूचना मिली थी कि डीएनवाई कॉलेज के समीप खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित छापेमारी कर राजू दास और राजा दास नामक दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया। बरामद शराब में 23 लीटर नेपाली देसी शराब और 11 लीटर विदेशी शराब शामिल है। जब्त की गई शराब के साथ दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से कॉलेज के पास अवैध शराब का कारोबार कर रहे थे। पूछताछ के दौरान इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं। उत्पाद विभाग अब अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने में जुटा है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभाग लगातार विशेष अभियान चला रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन या बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे अवैध शराब कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Source link