![]()
सीवान में सोमवार को प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों और परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद पहले उसकी जमकर फटकार लगाई गई और फिर दोनों की शादी करा दी गई। शादी के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के महना गांव की है। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मछगरा गांव निवासी निरंजन कुमार का महना गांव की पुष्पा से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों एक-दूसरे से अक्सर मुलाकात करते थे। प्रेम संबंध की चर्चा धीरे-धीरे गांव और परिजनों तक भी पहुंच गई थी। चुपके से घर में घुस रहा था प्रेमी ग्रामीणों के अनुसार रविवार की देर रात निरंजन अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए महना गांव पहुंचा था। वह चुपके से घर में प्रवेश कर रहा था, तभी कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। युवक के घर में घुसते ही लोगों ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद युवक से पूछताछ की गई और दोनों के प्रेम संबंध की बात सामने आने लगी। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक बातचीत और हंगामे का दौर चलता रहा। अंततः ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई शादी इसके बाद सोमवार को गांव में ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई। शादी के दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और अक्सर मुलाकात करते थे। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि परिवारों की सहमति से पहले ही शादी कर दी जानी चाहिए थी ताकि इस तरह की स्थिति उत्पन्न न होती। इस संबंध में भगवानपुर हाट थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Source link