![]()
समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर तलवार और लोहे की रॉड से हमला किया गया। आरोप है कि छत की ढलाई को लेकर छज्जी निकालने को लेकर हुए विवाद में यह घटना हुई। घायलों की पहचान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के दुबहा वार्ड तीन निवासी मृत्युंजय कुमार सिंह (38), उनके 23 साल के भाई रोहित कुमार और 13 साल के बेटे लव कुमार के रूप में हुई है। घर की छज्जी अधिक निकालने पर किया हमला घायल मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी विपिन सिंह अपने घर की छत की ढलाई करवा रहे थे और उनकी जमीन में छज्जी अधिक निकाल दी थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो विपिन सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर तलवार और लोहे की रॉड से उन पर, उनके भाई रोहित सिंह और बेटे लव कुमार पर हमला कर दिया। इस हमले में मृत्युंजय कुमार सिंह और रोहित सिंह दोनों के सिर फट गए, जबकि रोहित सिंह के दाहिने हाथ की हड्डी भी टूट गई। तीनों घायलों को मोहिउद्दीन नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद होगा इलाज सदर अस्पताल पहुंचने पर आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर अमितेश रंजन श्रीवास्तव ने तीनों घायलों का इलाज शुरू किया। डॉक्टर ने बताया कि मृत्युंजय कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह का सीटी स्कैन कराया जा रहा है। सीटी स्कैन और एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद उचित उपचार शुरू किया जाएगा। मोहिउद्दीन नगर थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि उन्हें दुबहा गांव से मारपीट की सूचना मिली है। जांच के लिए 112 पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घायलों की ओर से लिखित आवेदन हासिल होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link