
Love Jihad in Jamia Nagar: राजधानी दिल्ली के जामिया नगर इलाके से एक बार फिर कथित ‘लव जिहाद’ का मामला सामने आया है। यहां फहीम नाम के युवक ने पहचान छिपाकर 23 साल की हिंदू लड़की को अपने जाल में फंसाया।
इसके बाद उसने दलित लड़की को बंधक बनाकर न सिर्फ गैंगरेप किया, बल्कि जबरन उस पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव बनाया। आरोप है कि पीड़िता को डराने और उसका हौसला तोड़ने के लिए उसके शरीर को जानवरों के खून से पोता गया और उस पर मांस का टुकड़ा डाला गया।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, साल 2021 में साहिल और लड़की की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आरोपी ने पहचान साहिल बनकर लड़की का भरोसा जीता। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने उससे शादी का भी वादा किया। बाद में उसने लड़की को गाजियाबाद से जामिया नगर के बटला हाउस इलाके में मिलने को बुलाया।
बंदूक की नोक पर बनाया बंधक, किया गैंगरेप
लड़की का आरोप है कि वहां पहुंचने पर उसे लड़के की असल पहचान के बारे में मालूम हुआ। शिकायत के मुताबिक, फहीम ने उसे दोस्तों के साथ मिलकर बंधक बना लिया और साथियों की मदद से उसे बंदूक की नोक पर मेरठ ले गया। इसके बाद उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराकर फहीम से निकाह कराया गया। इसके बाद उससे कई बार रेप और गैंगरेप भी किया गया।
2021 से 2025 के बीच जारी रहा उत्पीड़न
आरोप है कि उसके साथ इस तरह का अत्याचार 2021 से 2025 के बीच लगातार जारी रहा। इस दौरान उसके साथ कई बार रेप और गैंगरेप भी हुआ। रिपोर्ट्स के अनुसार, फहीम और उसके रिश्तेदार अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल हैं।
लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज
लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ससुर खुर्शीद, सास तस्लीम, देवर जैद और मौलवी मोहम्मद खालिद शामिल हैं।
सभी आरोपी भेजे गए जेल
पूछताछ के बाद सभी को जेल भेजा जा चुका है। जबकि मुख्य आरोपी फहीम पहले से ही किसी अन्य मामले में सलाखों के पीछे बताया जा रहा है। वहीं एक और आरोपी भी किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, मामले में 6 आरोपी हैं, जिनमें से दो पहले से ही जेल में हैं। फिलहाल पुलिस आरोपों की हर एंगल से जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपियों ने पहले भी इस तरह से किसी और को टारगेट किया था या नहीं।