![]()
खगड़िया में 61,408 से अधिक पेंशनधारियों ने अब तक अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेशन) नहीं कराया है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च 2026 तक प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले लाभार्थियों की पेंशन रोक दी जाएगी। जिले में कुल 1,90,767 पेंशनधारी हैं, जिनमें से एक बड़ी संख्या अभी भी इस प्रक्रिया से वंचित है। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, सदर प्रखंड खगड़िया में सर्वाधिक 13,433 मामले लंबित हैं। इसके बाद गोगरी में 11,662, अलौली में 10,040, परबत्ता में 9,606, बेलदौर में 7,350, चौथम में 6,069 और मानसी में 3,248 पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण बाकी है। यह स्थिति प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। CSC पर मुफ्त जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई पेंशनधारियों की सुविधा के लिए, प्रशासन ने 22 दिसंबर 2025 से जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई है। लाभार्थी अपने नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, खगड़िया की सहायक निदेशक शशि प्रिया ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है। उन्होंने कहा, “जो लाभार्थी अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं करा पाए हैं, वे 31 मार्च से पहले हर हाल में इसे पूरा करें, अन्यथा उनकी पेंशन बाधित हो सकती है।” आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों से भी आग्रह प्रशासन ने आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों से भी आग्रह किया है कि वे अपने आसपास के वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को इस संबंध में जागरूक करें, ताकि कोई भी लाभार्थी समयसीमा के कारण अपनी पेंशन से वंचित न रहे।
Source link