![]()
किशनगंज के पोठिया प्रखंड अंतर्गत पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के शीतलपुर मोड़ पर हुए सड़क हादसे के बाद उत्पन्न तनाव के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रविवार को 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर सड़क जाम करने, आगजनी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। देखें, मौके से आई तस्वीरें… एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज पुलिस के अनुसार, पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 84/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों में कदमगाछी निवासी साबीर (35), साकिल (28), ग्रहण खोदा निवासी फैयाज (22), मो. जाहिद (22), गुलाम नवी तथा शीतलपुर निवासी जकी अनवर (40) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन सभी ने न केवल सड़क जाम और आगजनी में हिस्सा लिया, बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार और हिंसक व्यवहार भी किया। छापेमारी कर आरोपियों को ठिकानों से उठाया घटना के बाद पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार और छत्तरगाछ कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने भारी पुलिस बल के साथ लगातार छापेमारी कर आरोपियों को उनके अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया। सरकारी कार्य में बाधा डालने पर होगी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी घटना के विरोध में शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके अपनाएं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि हिंसा या सरकारी कार्य में बाधा डालने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
Source link