
Ashok Kharat Video: महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी और ‘गॉडमैन’ बताने वाला अशोक खरात इस समय रेप के आरोप में जेल में बंद है। यौन शोषण के अलावा, उसके खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है। इस बीच, अब सामने आया है कि अशोक खरात के कई आपत्तिजनक वीडियो बिना किसी झिझक के सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे हैं जिसे लेकर महाराष्ट्र साइबर सेल ने बड़ा एक्शन लिया है।
सामने आई जानकारी की माने तो, महाराष्ट्र साइबर सेल ने ढोंगी बाबा और रेप के आरोपी अशोक खरात और कुछ अन्य पीड़ितों के कथित आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट पर शेयर किए जाने के मामले में कई सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। मामले में साइबर सेल जांच कर रही है।
अशोक खरात के आपत्तिजनक वीडियो हुए वायरल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अशोक खरात से जुड़े लगभग 15-17 आपत्तिजनक वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और पोर्नोग्राफिक साइट्स पर वायरल हो चुके हैं। ये वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हैं। सामने आई जानकारी की माने तो, कुछ-कुछ मामलों में इन वीडियो को 20-50 रुपये में भी बेचा जा रहा है। इन वीडियो के वायरल होने से पीड़ित महिलाओं की पहचान भी उजागर हो गई है।
अब इस मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए महाराष्ट्र साइबर सेल ने चार सोशल मीडिया लिंक्स के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत FIR दर्ज कर ली है जिनके खिलाफ वीडियो भेजे जा रहे थे। इन लिंक्स पर आपत्तिजनक कंटेंट को प्रमोट करने और शेयर करने का आरोप है। वीडियो शेयर करने के मामले में साइबर सेल जांच कर रही है और इन वीडियो को प्रसारित करने वाले अन्य स्रोतों का भी पता लगा रही है। इस मामले में जल्द ही कई लोगों की गिरफ्तारी होने की उम्मीद है।