![]()
सीवान के असाव थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। असाव के ससराव गांव निवासी जोगिंदर कुशवाहा के पुत्र आलोक कुमार कुशवाहा की शुक्रवार को 11 हजार वोल्ट बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। जानकारी के अनुसार आलोक कुमार कुशवाहा बिजली विभाग में प्राइवेट तौर पर लाइनमैन के साथ कार्य करता था। शुक्रवार को वह असाव क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा था।बताया जाता है कि कार्य के दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट की विद्युत आपूर्ति चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने के कारण वह पोल से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया जा रहा है कि आलोक परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग प्राइवेट कर्मियों से जोखिम भरे कार्य तो कराता है, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराता। आलोक को कार्य के दौरान न तो सुरक्षा किट दी गई थी, न इंसुलेटेड दस्ताने और न ही सुरक्षा जूते उपलब्ध कराए गए थे। लोगों का कहना है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कर्मचारियों से 11 हजार वोल्ट की लाइन पर काम कराना विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। घटना के बाद असाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक बिजली विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी न तो घटनास्थल पर पहुंचा और न ही पीड़ित परिवार का हालचाल लेने आया।
Source link