
OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये एक बार फिर निशाने पर लिया है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जाति का जिक्र करते हुए कहा कि कल हमने आपसे एक सवाल किया था, मगर आपने अबतक जवाब नहीं दिया।
ओपी राजभर ने कहा कि जवाब दीजिए भाई, जिसकी दुहाई देकर आप वोट मांगते हैं आज उसी पीडीए के पीछे पड़ गए। गजब है। हमें आपके जवाब का आज भी इंतजार है और सवाल भी यही है कि आपको कुर्मियों से इतनी चिढ़ क्यों है? क्यों आप हमेशा कुर्मी समाज की खिलाफत करते रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मेरा सवाल वाजिब है। इसे स्पष्ट करने के लिए मैं तीन उदाहरण देता हूं। बिहार पुलिस का सिपाही अभिषेक पटेल अपनी जान बचाने के लिए हवाई फायर कर दिया तो आपने ट्वीट कर उसे अपराधी घोषित कर दिया और सिपाही निलंबित हो गया। धर्मेंद्र प्रधान जी के इस्तीफे के लिए आप ट्वीट तो किए ही झुट्ठो गिरफ्तारी भी दे आए। वहीं सामाजिक न्याय के प्रखर पुरोधा डॉक्टर स्वर्गीय सोनेलाल पटेल जी की जयंती पर कोई कार्यक्रम तो छोड़िए आपसे एक ट्वीट तक नहीं हुआ। वहीं स्वजातीय के लिए आप क्या कर सकते हैं और किस हद तक जा सकते हैं, इसे पूरा देश जानता है।
‘कुर्मी बिरादरी से चिढ़ इसलिए तो नहीं कि…’
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जी, कुर्मी बिरादरी से आपको चिढ़ इसलिए तो नहीं है कि वह शिक्षित होने पर जोर देती है, सरकारी सेवाओं में अपनी काबिलियत के बल पर सेलेक्शन पाती है। आप लोगों की तरह गुंडागर्दी और माफियागीरी नहीं करती है। प्रश्न का जवाब दीजिएगा जरूर। इंतजार रहेगा। मुझे भी और पूरे कुर्मी समाजर को भी। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव!
धर्मेंद्र प्रधान को लेकर भी पूछा था सवाल
इससे एक दिन पहले, उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान की जाति का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से सवाल पूछा था। उन्होंने कहा, ‘मित्र, अखिलेश यादव जी, आपसे एक प्रश्न है। अगर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र जी की जाति ‘कुर्मी’ की जगह ‘यादव’ होती, तो आपका रुख क्या होता? क्या आप इस्तीफा मांगते या उनका बचाव करते? आपके उत्तर की प्रतीक्षा रहेगी, मित्र।’