![]()
सुपौल में सोमवार देर रात बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग की इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान मौत हो गई। घटना जदिया बाजार की है। मृतक की पहचान जदिया वार्ड नंबर-2 निवासी नागो यादव (83) के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, नागो यादव रात करीब 11 बजे बुचन पोद्दार के यहां आयोजित सत्संग-कीर्तन में शामिल होकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कमल ठाकुर के घर के समीप सामने से तेज गति से आ रही अपाचे बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नागो यादव सड़क पर सिर के बल गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वे मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज ले गए। पटना पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नागो यादव ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। इधर, ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल बाइक को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। जदिया थानाध्यक्ष ने मंगलवार सुबह बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपौल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link