![]()
सीवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बरहन गांव निवासी मजदूर मनोज बैठा की मौत हो गई। वह रोज की तरह मजदूरी करने के लिए सीवान शहर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक को रोक लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। जांच के बाद मृत घोषित घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल मनोज बैठा को तत्काल इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार ट्रक के पहिए से कुचलने के कारण उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था मनोज बैठा की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिजन रोते-बिलखते सदर अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि मनोज ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी कर पत्नी एवं बच्चों का भरण-पोषण करते थे।उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंची।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। हालांकि चालक हादसे के तुरंत बाद फरार हो गया। पुलिस वाहन के कागजातों के आधार पर चालक की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Source link