![]()
सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड स्थित माधोपुर चतरी गांव की सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। डुमरा से पुपरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित यह सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल है। सड़क पर साल भर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढे बने रहते हैं, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। बरसात में बिगड़ जाते हैं हालात ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास और सड़क निर्माण के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वे गांव की सुध नहीं लेते। सालों से सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और आम लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल ही में स्थानीय विधायक और मंत्री भी इसी मार्ग से गुजरे थे, लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। उनका कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायतें की गईं, पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर निर्माण होगा शुरू इस संबंध में स्थानीय विधायक रामेश्वर महतो ने बताया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनका वर्षों पुराना इंतजार खत्म होगा और उन्हें जर्जर सड़क से निजात मिलेगी।
Source link