![]()
सीतामढ़ी के डुमरा अंचल कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान डुमरा, मेहसौल, नगर और पुनौरा थाना क्षेत्र से कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से आठ मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति और दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही कर दिया गया। शेष दो मामलों में संबंधित पक्षों को सुनवाई के लिए अगली तारीख दी गई है। इसके अतिरिक्त, पूर्व के 11 लंबित मामलों को लेकर भी पुनः नोटिस जारी किए गए हैं। जनता दरबार का आयोजन पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार सिंह और राजस्व अधिकारी बालाजी प्रसाद की मौजूदगी में किया गया। हालांकि, इस जनता दरबार के दौरान भी एक युवक सुरेश माली को न्याय नहीं मिल सका, जो पिछले तीन महीने से अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहा है। सुरेश ने दैनिक भास्कर को अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि लगातार प्रयास के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। सुरेश के अनुसार, पुनौरा थाना क्षेत्र में उनके नाना की 2 धुर जमीन पर महतो जाति के लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। वह इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार जनता दरबार में अपनी समस्या बता रहे हैं। इस मामले पर राजस्व अधिकारी बालाजी प्रसाद ने बताया कि कब्जाधारी के पिता का नाम और पता ज्ञात न होने के कारण मामले का निपटारा नहीं हो सका है। फरियादी सुरेश माली को अगली तारीख पर पूरी जानकारी के साथ आने को कहा गया है।
Source link