![]()
नालंदा में सोमवार को महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जहां वारदात हुई वहां से सीएम सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल 300 मीटर की दूरी पर है। मृतका गिरियक थाना क्षेत्र के कोयरी बीघा निवासी मुद्रिका प्रसाद की पत्नी लाक्षों देवी है। पति मुद्रिका प्रसाद ने कहा कि लाक्षों देवी सुबह खेत में भिंडी तोड़ने गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी वो घर नहीं लौटी तो फोन किया, पर लाक्षों फोन नहीं उठा रही थी। दोपहर में खबर मिली कि एक लाश मिली है। जिसके बाद हमलोग मौके पर पहुंचे। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बिगहा मोड़ के पास की है।
संपत्ति विवाद में हत्या का शक- पति
पति मुद्रिका प्रसाद ने बताया कि मायके की संपत्ति को लेकर पिछले 6 महीने से साढ़ू से विवाद चल रहा था। संदेह है कि इसी रंजिश के चलते पत्नी की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतका तीन बहनें हैं और बहनों के बीच भी मायके की संपत्ति को लेकर तनातनी चल रही थी। राणा बिगहा गांव में अखंड कीर्तन का आयोजन चल रहा था। अब घटना के बाद सादगी के साथ कार्यक्रम संपन्न कराया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या का स्पष्ट कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। सूचना मिलते ही दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया संपत्ति विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। जमीन के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी सदर-1 अमरनाथ भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।
Source link