![]()
Mutual Fund SIP Tracking: आजकल ज्यादातर लोग ट्रेडिंग ऐप्स या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से SIP शुरू तो करते हैं, लेकिन उनमें से कुछ SIP चालू रहती हैं, कुछ बीच में बंद हो जाती हैं, वहीं कई का तो नाम ही भूल जाते हैं। इसके बाद टैक्स फाइलिंग या फाइनेंशियल प्लानिंग के समय पुराने दस्तावेज ढूंढना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में PAN बेस्ड कंसोलिडेटेड अकाउंट स्टेटमेंट (CAS) एक आसान और विश्वसनीय समाधान है, जिससे आप सिर्फ PAN नंबर से एक ही जगह अपने सभी म्यूचुअल फंड की डिटेल्स चेक कर सकते हैं।
PAN CAS स्टेटमेंट क्या है?
यह SEBI रजिस्टर्ड रजिस्ट्रार एंड ट्रांसफर एजेंट (RTA) प्लेटफॉर्म CAMS या KFintech की एक वेबसाइट है। इसमें आपको सिर्फ अपना PAN नंबर, रजिस्टर्ड ईमेल या मोबाइल नंबर डालना होता है। OTP वेरिफिकेशन के बाद स्टेटमेंट आपके रजिस्टर्ड ईमेल पर PDF फॉर्मेट में आ जाता है। खास बात ये है कि ये पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनट में पूरी हो जाती है।
स्टेटमेंट में क्या-क्या जानकारी मिलेगी?
PAN आधारित CAS में अलग-अलग निवेश दिखते हैं:
• इक्विटी म्यूचुअल फंड
• डेट फंड
• ELSS फंड
• हाइब्रिड फंड
• लिक्विड फंड
• गोल्ड फंड
• लंपसम निवेश
यह एक्टिव और बंद दोनों SIP को कवर करता है। इससे पूरा पोर्टफोलियो एक जगह दिख जाता है।
टैक्स फाइलिंग और प्लानिंग में भी मिलेगी मदद
CAS स्टेटमेंट कैपिटल गेन, ELSS डिडक्शन और कुल निवेश की साफ जानकारी देता है। टैक्स फाइलिंग में गलती का खतरा कम हो जाता है। निवेशक आसानी से देख सकते हैं कि किस निवेश पर लॉन्ग टर्म या शॉर्ट टर्म टैक्स लगेगा। साथ ही रिटायरमेंट, बच्चों की पढ़ाई या घर खरीदने जैसे फाइनेंशियल गोल्स के लिए प्लानिंग आसान हो जाती है।
ओवरलैप से बचाव
अलग-अलग ऐप्स से SIP करने वाले निवेशक अक्सर एक ही कैटेगरी में डुप्लीकेट फंड खरीद लेते हैं। CAS रिपोर्ट से ओवरलैप साफ दिख जाता है। निवेशक तय कर सकते हैं कि किन SIP को जारी रखना है, किन्हें मर्ज करना है या बंद करना है। इससे रिटर्न बेहतर रहता है और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट आसान हो जाता है।
यह सुविधा सिर्फ SEBI रजिस्टर्ड एजेंसियां देती हैं। डेटा एन्क्रिप्टेड रहता है और OTP वेरिफिकेशन जरूरी है। रिपोर्ट केवल रजिस्टर्ड ईमेल पर जाती है। निवेशकों को सलाह है कि PAN, ईमेल और मोबाइल डिटेल्स हमेशा अपडेट रखें और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से ही स्टेटमेंट डाउनलोड करें।
मोबाइल पर भी आसानी से ट्रैकिंग
CAMS और KFintech की वेबसाइट मोबाइल फ्रेंडली हैं। PDF को फोन में खोलकर सेव, शेयर या प्रिंट किया जा सकता है। PAN बेस्ड CAS स्टेटमेंट निवेशकों को अपनी वेल्थ का पूरा नजरिया देता है। इससे इन्वेस्टमेंट डिसिप्लिन मजबूत होती है।