![]()
शिवहर की सांसद लवली आनंद ने गुरुवार को बैरगनिया के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने सांसद के समक्ष इलाज में हो रही परेशानियों और डॉक्टरों की कमी की शिकायतें रखीं। निरीक्षण के बाद सांसद लवली आनंद ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों में मरीजों को समय पर समुचित इलाज न मिलना और कई मामलों में बिना पर्याप्त उपचार के ही बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाना शामिल था। इन्हीं शिकायतों की सत्यता जानने के लिए उन्होंने अस्पताल का औचक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान भी डॉक्टरों की बहाली के निर्देश दिए सांसद ने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पिछली बार के निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने डॉक्टरों की बहाली के निर्देश दिए थे। उसके बाद केवल एक चिकित्सक की तैनाती हुई है, जो पर्याप्त नहीं है। मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल को और अधिक डॉक्टरों की आवश्यकता है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उपयोग केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा लवली आनंद ने अस्पताल परिसर की चारदीवारी और चिकित्सकों के आवास (क्वार्टर) के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन कार्यों को जल्द ही पूरा कराया जाएगा। सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार का व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स नहीं खोला जाएगा, बल्कि इसका उपयोग केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए किया जाएगा। सांसद ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने, समय पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रेफरल की प्रवृत्ति को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link