![]()
सहरसा पुलिस ने शहर में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 मोबाइल फोन, सोने का सिक्का और अन्य कीमती जेवरात बरामद किए हैं। सोमवार को लाइन डीएसपी ओमप्रकाश ने सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। मई में दर्ज हुई थीं चोरी की दो वारदातें
डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि पहली घटना 17 मई 2026 को सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार लाल कोठी निवासी विमल किशोर झा के घर हुई थी। इस दौरान मोबाइल फोन और करीब 6 ग्राम सोने के जेवर चोरी हो गए थे। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-530/26 दर्ज किया गया था। दूसरी घटना 20 मई 2026 को न्यू कॉलोनी वार्ड नंबर 39 निवासी मुकेश कुमार सिंह के घर हुई थी। यहां से सोने के झुमके, बाली और अन्य कीमती जेवरात चोरी हुए थे। इस मामले में कांड संख्या-549/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत जांच शुरू की गई थी। मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया। दो आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के सराही पासवान टोला वार्ड-11 निवासी विक्कु पासवान के पुत्र विक्की कुमार और इंद्रजीत पासवान के पुत्र विक्की कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 30 मोबाइल फोन, एक सोने का मंगटीका, एक नथिया और एक सोने का सिक्का बरामद किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी
डीएसपी ने बताया कि इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष (इंस्पेक्टर) अजय कुमार पासवान, सब इंस्पेक्टर गुंजन कुमार, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार तथा महिला सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उन्होंने कहा कि गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान और चोरी गए शेष सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
Source link