![]()
सहरसा पुलिस ने एक अंतरजिला लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो सहरसा और मधेपुरा जिलों में सक्रिय था। इस कार्रवाई में गिरोह के एक सक्रिय सदस्य अमर कुमार उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया है, जो सहरसा के पतरघट थाना क्षेत्र के धबोली का निवासी है। इसके साथ ही, एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बुधवार शाम एक प्रेसवार्ता में इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गिरोह पिछले कुछ समय से सहरसा और मधेपुरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था, जिससे आम लोगों में भय का माहौल था। ग्रामीण बैंक लूट जैसी कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने सदर थाना क्षेत्र के सुलिंदाबाद स्थित सीएसपी केंद्र, बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के पूजा पेट्रोल पंप (जहां नोजल मैन को गोली मारकर लूट की गई थी), बसनही थाना क्षेत्र के मंगलवार डीह टोला स्थित एसबीआई सीएसपी और मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र में ग्रामीण बैंक लूट जैसी कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार बढ़ रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए कोशी क्षेत्र के डीआईजी और दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में गठित इस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की और फिर छापेमारी की। गिरोह की भविष्य की योजनाओं का भी खुलासा किया इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े (टी-शर्ट, फुल पैंट और चप्पल) बरामद किए हैं। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कई लूट कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और गिरोह की भविष्य की योजनाओं का भी खुलासा किया है। पुलिस अब गिरोह के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है और उसके विरुद्ध इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस सफल कार्रवाई में कई थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई और एसटीएफ की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link