![]()
लखीसराय सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को एक प्रसूता के दिव्यांग परिजन और 102 एंबुलेंस कर्मी के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। कवैया थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने और हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई के लिए कवैया थाना में आवेदन दिया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिव्यांग परिजन और एंबुलेंस कर्मी के बीच कहासुनी जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर प्रसूता के दिव्यांग परिजन और एंबुलेंस कर्मी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। सूत्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान एंबुलेंस कर्मी ने दिव्यांग पर हाथ उठा दिया, जिससे मामला और बिगड़ गया। दोनों पक्षों के बीच हुई इस झड़प के कारण अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे अन्य मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सदर अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी इस संबंध में डीएस डॉ. कुमार अमित ने बताया कि किसी भी स्थिति में स्वास्थ्यकर्मी द्वारा मरीज या उनके परिजन, खासकर दिव्यांग पर हाथ उठाना अनुचित है। उन्होंने कहा कि इससे अस्पताल प्रबंधन की छवि धूमिल हुई है और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link