![]()
शेखपुरा के शेखोपुर सराय थाना क्षेत्र के सुगिया गांव में हाल ही में संपन्न पैक्स चुनाव के बाद हिंसक झड़प हुई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखोपुर सराय में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान सीताराम प्रसाद के पुत्र कृष्ण कुमार और विशेश्वर महतो के पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। कृष्ण कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पावापुरी रेफर किया गया है।
घायल कृष्ण कुमार ने बताया कि यह विवाद गत 20 अप्रैल को संपन्न पैक्स चुनाव में उनके द्वारा चरूआमा पैक्स के अध्यक्ष पद के विजयी प्रत्याशी पीयूष कुमार उर्फ छोटू का नामांकन पत्र भरने के दौरान प्रस्तावक बनने को लेकर हुआ। इस चुनाव में पीयूष कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पवन कुमार को 24 मतों के अंतर से हराया था। लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कृष्ण कुमार के अनुसार, चुनाव में हार का सामना करने वाले उम्मीदवार पवन कुमार के समर्थक जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने उन पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। शेखोपुर सराय थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि इस घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Source link