![]()
शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय चरवाहे की मौत हो गई। यह घटना शेखपुरा-पटना रेल मार्ग पर बरबीघा बाईपास स्थित रेलवे गुमटी से कुछ दूरी पर हुई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के कतरीसराय थाना अंतर्गत सुंदरपुर गांव निवासी रघुनंदन यादव के पुत्र दुर्गा प्रसाद यादव के रूप में हुई है। ससुराल वालों की मदद करने के लिए आए थे जानकारी के अनुसार, दुर्गा प्रसाद यादव बरबीघा शहर के नारायणपुर मोहल्ला में अपने ससुराल आए हुए थे। वे स्वर्गीय अर्जुन यादव के दामाद थे। लगभग 20 दिन पहले वे धान की खेती में अपने ससुराल वालों की मदद करने के लिए यहां आए थे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई मंगलवार को वह मवेशियों को चराने के लिए बघार में गए थे। इसी दौरान वे रेलवे पटरी के किनारे आराम करने लगे। तभी पटना की ओर से आ रही जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। सूत्रों ने बताया कि मृतक कान से दिव्यांग थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेस ट्रेन के चालक ने चरवाहे तक पहुंचने से पहले काफी देर तक सीटी बजाई। चालक ने ब्रेक लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन तब तक चरवाहा ट्रेन की चपेट में आ चुका था। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बरबीघा थाना की पुलिस सब इंस्पेक्टर सोनम कुमारी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
Source link