Newswahni

मोहर्रम पर्व पर शांति समिति की बैठक अररिया में सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील…




अररिया में डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मोहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना था। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को मोहर्रम की आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने ताजिया जुलूस के मार्गों की साफ-सफाई, जलजमाव की समस्या के समाधान, सड़कों की मरम्मत और आवश्यकतानुसार मिट्टी भराई पर विशेष जोर दिया। फारबिसगंज क्षेत्र में जुलूस मार्ग पर मिट्टी भराई का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जोकीहाट के डेंगापुर से मोहनिया तक मार्ग में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश भी दिए गए। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को नशाखोर उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी अव्यवस्था से बचने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीएम ने दुकानदारों से मुख्य मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखने और जुलूस के आवागमन में बाधा न डालने की अपील की। संबंधित अधिकारियों को बिजली के पोल, तार और अन्य संभावित जोखिम वाले स्थलों की विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। असामाजिक और शरारती तत्वों पर रहे नजर बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व के मद्देनजर विशेष सतर्कता बनाए रखने पर बल दिया गया। डीएम ने चेतावनी दी कि असामाजिक और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि बिना लाइसेंस के कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भड़काऊ गीत, डीजे एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नशे की हालत में उपद्रव करने वालों तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उपद्रवियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक जोकीहाट मो० मुर्शिद आलम ने नशा मुक्ति अभियान के लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि संभावित उपद्रवियों पर प्रारंभिक स्तर से ही प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में अनुमंडल पदाधिकारी की तैनाती उपस्थित सदस्यों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए जिला प्रशासन तथा नशा मुक्ति अभियान के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना की। बैठक के दौरान कला बलुआ जाने वाले मार्ग की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम ने शहर को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे लगने वाली सब्जी एवं अन्य दुकानों को व्यवस्थित रूप से हरियाली मार्केट एवं नहर परिसर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस संबंध में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों से सुझाव एवं सहमति मांगी। सभी उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्य सभी की सहमति से ही पूर्ण किया जाएगा। अंत में डीएम व एसपी ने शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं प्रशासनिक सहयोग की भावना के साथ मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की तथा विश्वास व्यक्त किया कि जिले में पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top