![]()
बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने मोबाइल दुकान की आड़ में चल रही शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में टेट्रा पैक शराब बरामद की गई और मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। फुलवरिया थाना प्रभारी विजय साहनी ने यह जानकारी दी। थाना प्रभारी साहनी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक मोबाइल रिपेयरिंग और एक्सेसरीज की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस दुकान से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद जब पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने शराब के टेट्रा पैक को मोबाइल के खाली डिब्बों और चार्जर के खोखों के अंदर इस तरह छिपाकर रखा था कि बाहर से देखने पर यह सामान्य मोबाइल एक्सेसरीज का स्टॉक लग रहा था। यह तरीका पुलिस के लिए भी अप्रत्याशित था। पुलिस ने मौके से बरामद शराब को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। फुलवरिया थाना पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
Source link