![]()
मोतिहारी में दीपावली से पहले जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। लखौरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर पूर्वारी टोला में छापेमारी कर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 12,490 रुपए नकद और ताश की तीन गड्डियां जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक, पूर्वारी टोला में ठेकेदार शत्रुधन सहनी के घर के सामने टाट-फूस की झोपड़ी में जुआ खेला जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सात लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने जुए में लगाए गए 12,490 रुपए और ताश की तीन गड्डियां जब्त कीं। एसपी के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि दीपावली के दौरान जुआ रोकने के लिए थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ लखौरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जुआ खेलने के ठिकानों का लगाया जा रहा पता थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि इलाके में कहां-कहां जुआ खेला और खिलाया जा रहा है। दीपावली के दौरान निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से जुआ खेलने की सूचना स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है।
Source link