![]()
मोतिहारी में रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर दिया। यह घटना छतौनी थाना क्षेत्र के बरियापुर बाइपास पर हुई, जहां सैकड़ों लोगों ने गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे कई दिनों से गैस गोदामों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस न मिलने के कारण उनके घरों में चूल्हा जलना बंद हो गया है। उन्होंने गैस एजेंसियों पर लापरवाही और कालाबाजारी का आरोप लगाया। पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया जाम सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और यातायात को सामान्य कराया। इस पूरे मामले पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। एसपी ने चेतावनी दी कि सड़क जाम कर आम जनता को परेशान करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसपी बोले-समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाएं एसपी ने यह भी बताया कि यदि किसी गैस एजेंसी के खिलाफ कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है। इस घटना के बाद प्रशासन अलर्ट पर है और गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Source link