
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसीं। इतना ही नहीं, उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
ममता बनर्जी ने पुरुलिया में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इशारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि एक बड़े नेता ने चार्जशीट तो जारी कर दी। लेकिन वो तब कहां थे जब विदेश से भारतीयों को जंजीरों में जकड़कर भारत भेजा गया था।
ममता बनर्जी ने BJP पर लगाया आरोप
टीएमसी की मुखिया और सीएम ने बीजेपी पर दंगे भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दंगे भड़काकर सत्ता में आती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है वहां आदिवासी और महिलाएं अत्याचार का शिकार हुई हैं। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि कुछ बीजेपी शासित राज्य ऐसे भी हैं जहां नॉन वेज पर रोक लगाने का काम किया जा रहा है।
वोटर लिस्ट को लेकर क्या बोलीं सीएम?
उन्होंने अपने संबोधन में वोटर लिस्ट को लेकर कहा कि करीब 1 करोड़ 20 लाख मतदाताओं के नाम चुपचाप हटा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस उन लोगों की मदद के लिए कैंप लगाएगी, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं।
ममता बनर्जी ने महिलाओं से की अपील
ममता बनर्जी ने महिला मतदाताओं को संबोधित करते उनसे मतदान के दिन सतर्क रहने की अपील की। उनका मानना है कि कुछ लोग फिर से चुनाव कराने की प्लानिंग में हैं।
इसके अलावा ममता बनर्जी ने पिछले चुनाव का भी जिक्र किया जब उनके साथ हिंसा हुई थी और उनके पैर में चोट आई थी। उन्होंने कहा कि चोटिल होने के बावजूद उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर प्रचार-प्रसार का काम किया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग इस तरह के बयान दे रहे हैं, उससे किसी साजिश की बू आती है।
अमित शाह ने क्या कहा था?
बता दें कि हाल ही में अमित शाह ने कोलकाता में रैली की थी, जहां उन्होंने ममता बनर्जी पर विक्टिम कार्ड की राजनीति का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, ‘ममता दीदी ने हमेशा विक्टिम कार्ड की राजनीति की है। कभी पैर तुड़वा लेती हैं, कभी सिर पर पट्टी बंधवा लेती हैं, कभी बीमार हो जाती हैं और कभी चुनाव आयोग को गालियां देती हैं।’
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव कब?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कई मायनों में अहम होने जा रहा है। इस बार राज्य में एसआईआर के बाद यह पहला चुनाव है। सूबे में चुनाव दो चरणों में होंगे। 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि 4 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे।