![]()
मुंगेर पुलिस ने अपने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 106 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए गए। यह कार्यक्रम एसपी कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने स्वयं मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपनी संपत्ति वापस पाकर लोगों ने मुंगेर पुलिस के प्रयासों की सराहना की। एसपी मसूद ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तकनीकी जांच, साइबर सेल की मदद और निरंतर प्रयासों से ये 106 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बरामद किए गए मोबाइल विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। CIR पोर्टल पर चोरी की करे शिकायत एसपी ने बरामदगी की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के मोबाइल गुम या चोरी हो जाते हैं, वे सीईआईआर पोर्टल पर इसकी सूचना दर्ज कराते हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की तकनीकी टीम मोबाइल की ट्रैकिंग कर उसकी लोकेशन का पता लगाती है। इसके बाद संबंधित थाना और साइबर टीम के सहयोग से मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जाता है। एसपी ने जोर दिया कि यह प्रक्रिया समय और मेहनत मांगती है, लेकिन लोगों की संपत्ति को सुरक्षित वापस कराना पुलिस की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान 63 मोबाइल धारकों को सीधे एसपी कार्यालय में उनके फोन सौंपे गए। शेष मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से उनके मालिकों तक पहुंचाए गए। लोगों की शिकायतों पर होगी कार्रवाई एसपी ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि महीनों पहले गुम हुए उनके मोबाइल दोबारा मिल सकेंगे। उन्होंने मुंगेर पुलिस की सक्रियता, तकनीकी दक्षता और सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है। लोगों ने एसपी सैयद इमरान मसूद और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
Source link