
Mahua Moitra: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में टूट की खबरों के बीच ममता बनर्जी पर एक नया खतरा मंडराने लगा है। करीब 20 से ज्यादा टीएमसी सांसदों ने ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बागी सांसदों ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। ऐसे में अब बंगाल की राजनीति में हवा तेज हो गई है बागी सांसद बीजेपी के साथ जुड़ सकते हैं।
इस बीच बागी सांसदों पर टीएमसी की ही सांसद महुआ मोइत्रा भड़क उठी हैं। उन्होंने बागी सांसदों पर तीखा हमला करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो टीएमसी से पहले इस्तीफा दीजिए और फिर चुनाव जीत कर दिखाए। इस बीच उन्होंने बीजेपी को भी घेरा है।
बागी सांसदों पर भड़कीं महुआ मोइत्रा
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के करीब 20 से ज्यादा सांसदों बागी होने की खबर के बीच टीएमसी की ही सांसद महुआ मोइत्रा जमकर बरसी हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘2024 में सांसदों ने TMC के टिकट पर जीत हासिल की। NDA को जनादेश नहीं मिला था। पीले रंग से सने पैंट पहने सभी लालची, स्वार्थी गद्दार अब BJP में शामिल हो जाएं। अपनी सीटें छोड़ दें और BJP के टिकट पर चुनाव लड़ें। देखते हैं आप कितने बड़े हीरो साबित होते हैं।’
TMC सांसद यूसुफ पठान को बनाया निशाना
अपने हमले को और तेज करते हुए, मोइत्रा ने टीएमसी सांसद यूसुफ पठान को निशाना बनाया और भाजपा नेतृत्व के साथ उनके कथित संबंधों पर सवाल भी उठाए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘और यूसुफ पठान, आप अमित शाह के बुलावे पर दिल्ली जा रहे हैं? थोड़ा साहस रखो। आप भारत के लिए खेले हैं। हमारे जिले ने आपको भारी बहुमत से जिताया है। थोड़ी शर्म और थोड़ा साहस रखो।’
करीब टीएमसी 20 सांसदों ने की बगावत?
बताया जा रहा है कि राज्यसभा के सीनियर सांसद सुखेंदु शेखर रॉय के तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद बगावत ने जोर पकड़ लिया। देखते ही देखते बागी नेताओं को एकजुट होने का हौसला मिल गया। शुरुआत में खबर आई कि TMC के करीब 13 सांसदों ने दिल्ली में रॉय से मुलाकात की। उसके बाद खबर आने लगी कि करीब 20 टीएमसी सांसदों आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की।
बागी सांसदों पर ममता बनर्जी की चुप्पी
एक तरफ टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा बागी सांसदों पर जमकर बरस रही है, लेकिन दूसरी तरफ पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अभी तक चुप्पी साधी हुई हैं। वहीं, आज सोमवार (8 जून) को दिल्ली में INDI अलायंस की 2 साल बाद बड़ी बैठक आयोजित हुई, जिसमें 25 दलों के नेता शामिल हुए। इस बैठक में ममता बनर्जी भी शामिल रही।