![]()
मधुबनी जिला पुलिस बिहार बंद के दौरान संभावित उपद्रव को देखते हुए पूरी तरह सतर्क रही। पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और विधि-व्यवस्था बनाए रखना था। फ्लैग मार्च में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार, नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार, क्यूआरटी टीम, ट्रैफिक थाना पुलिस और अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे। इस दौरान एसएसपी योगेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से की जा रही है। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और कंट्रोल रूम से जिले के हर कोने पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था भंग करने या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे तक मधुबनी शहर में बिहार बंद का विशेष प्रभाव नहीं दिखा। शहर की अधिकांश दुकानें खुली रहीं और सड़कों पर वाहनों का परिचालन सामान्य रहा। मधुबनी रेलवे स्टेशन पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात था, जहाँ ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहा और यात्रियों को कोई असुविधा नहीं हुई। विभिन्न संगठनों द्वारा शनिवार शाम को प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम की घोषणा के मद्देनजर, जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणिरंजन के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने शहर में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Source link