![]()
मधुबनी जिले में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और सेवन के विरुद्ध उत्पाद विभाग का अभियान जारी है। इसी क्रम में शनिवार को विभाग की विभिन्न टीमों ने पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर 99 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में दो शराब तस्कर और पांच शराब का सेवन करने वाले लोग शामिल हैं। सभी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार शाम सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने 117 लीटर देशी शराब और 5.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अतिरिक्त, अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक वाहन भी जब्त किया गया। जब्त शराब और वाहन को विभागीय अभिरक्षा में रखा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने रविवार संध्या 5:00 बजे बताया कि विभाग की ड्रोन टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए बाबूबरही थाना क्षेत्र के मोहनपुर और कलुआही थाना क्षेत्र के करमा मराड़ गांव में निगरानी की। ड्रोन से अवैध शराब निर्माण की तैयारी का पता चलने पर मौके पर पहुंची टीम ने लगभग 625 किलोग्राम अर्धनिर्मित शराब के घोल को जब्त कर विनष्ट कर दिया। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और सेवन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Source link