![]()
नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर मधुबनी पुलिस प्रशासन ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर सभी प्रमुख एवं वैकल्पिक सीमा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शनिवार दोपहर 12:00 बजे के आसपास बताया कि सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा लगातार सघन निगरानी, वाहन जांच अभियान और नियमित गश्ती की जा रही है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अवांछित, संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके। उन्होंने बताया कि सीमा से जुड़े सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही आवश्यकतानुसार पहचान संबंधी औपचारिकताओं का भी पालन कराया जा रहा है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं का प्रसार करने से बचें। उन्होंने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि पर संदेह हो तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि पुलिस समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सके। एसएसपी ने विश्वास दिलाया कि मधुबनी पुलिस पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ सीमा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, तथा जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Source link