![]()
लगातार दो दिनों तक भागलपुर में हुई बारिश और तेज आंधी की वजह से अलग-अलग इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है। विद्युत आपूर्ति को जल्द बहाल करने के लिए बुधवार को बिहार बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे। उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत एवं विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी से मुलाकात की। समाहरणालय में बैठक कर भागलपुर, कहलगांव और नवगछिया विद्युत प्रमंडल की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधीक्षण अभियंता समेत तीनों कार्यपालक अभियंताओं ने क्षतिग्रस्त बिजली संरचनाओं और मरम्मत कार्यों की जानकारी दी। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन इलाकों में अब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है, वहां युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर जल्द से जल्द विद्युत सेवा बहाल की जाए। विभाग की टीम लगातार फील्ड में रहकर टूटे पोल, क्षतिग्रस्त तार और अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने में जुटी हुई है। प्रशासन और बिजली विभाग के संयुक्त प्रयास से अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष प्रभावित इलाकों में तेजी से कार्य जारी है। ‘जिला प्रशासन, बिलजी विभाग, एजेंसियां राहत, बहाली में जुटीं’ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि 25 मई की रात आए तूफान के बाद से ही जिला प्रशासन, बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुरोध पर दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार तथा वरिष्ठ अभियंताओं की टीम भागलपुर पहुंची है और सभी अधिकारी बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने में लगे हुए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में पेयजल संकट से निपटने के लिए 20 से अधिक टैंकर लगाए गए हैं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात अधिकांश क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी गई थी, लेकिन देर रात फिर आए तेज तूफान और बारिश से कई स्थानों पर दोबारा क्षति पहुंची। विभाग की टीमें एक-एक स्थान का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सुबह तक जिले में 17 स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिसे घटाकर मात्र तीन स्थानों तक सीमित कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में भी तेजी से कार्य चल रहा है और अगले तीन घंटे के भीतर सभी फीडरों को दुरुस्त कर जिले में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
Source link