![]()
कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ शहर के एकता चौक पर स्थानीय वार्ड नंबर 24 और 25 के नागरिकों ने बिजली संकट को लेकर मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले कई घंटों से उनके क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे पूरा इलाका भीषण गर्मी में अंधेरे में डूबा हुआ है। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी हुई। पूर्व पार्षद रमेंद्र कुमार आकाश और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उनके क्षेत्र की बिजली लाइन को गुरुद्वारे के पास से हटाकर दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ दिया गया है। इसके बाद से पूरी रात वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिससे कई घरों के पंखे और फ्रिज जैसे उपकरण खराब हो गए हैं। नागरिकों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे शहर का टैक्स देते हैं, लेकिन उनकी बिजली आपूर्ति को बिना किसी पूर्व सूचना के ग्रामीण इलाके से जोड़ दिया गया है। पेयजल संकट और भीषण उमस से महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से प्रभावित हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार फोन करने के बावजूद बिजली विभाग के जेई, एसडीओ या किसी अन्य अधिकारी ने जवाब नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने तथा जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Source link