रांची: वीरता, शौर्य और बलिदान के प्रतीक बाबू वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव दिवस के अवसर पर गुरुवार को रांची के बोड़ेया स्थित रवि बेंकेट हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर महान योद्धा को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

यह कार्यक्रम अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति और वीरता से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला।
रांची के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अभिषेक ने अपने संबोधन में कहा कि 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बाबू वीर कुंवर सिंह की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक रही है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों और त्याग को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डॉ. अभिषेक ने इस मौके पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि कांके ब्लॉक के पास क्षत्रिय समाज के लिए एक भव्य “क्षत्रिय भवन” का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्माण के लिए वे स्वयं आर्थिक सहयोग देंगे और समाज के लोगों से भी सहयोग लिया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. केडी सिंह, ओम प्रकाश सिंह, राजेश सिंह, डॉ. डीके शाही, श्रीराम सिंह, मनीष सिंह, पीके सिंह, अजय कुमार राय, अतीश कुमार सिंह और नागेश्वर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन वीर कुंवर सिंह के जयकारों और उनके आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।