बेगूसराय में सोमवार दोपहर बदमाशों ने एक बुजुर्ग की चाकू गोदकर और ईंट-पत्थर से चेहरा कूचकर हत्या कर दी। बुजुर्ग की लाश उसके घर से 500 मीटर दूर खेत में बने मचान पर लहूलुहान हालत में मिली है। फिलहाल, घटना की जानकारी के बाद वीरपुर थाना की पुलिस पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा वभनगांव के पास की है। मृतक की पहचान वभनगामा गांव के रहने वाले 70 साल के आशो पासवान उर्फ भगत जी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आशो पासवान गर्मी के समय रोज दोपहर में अपने घर से करीब 500 मीटर दूर बगीचा में बने मचान पर सोया करते थे। आज भी वह घर से खाना खाकर निकले और बगीचा में मचान पर सोने चले गए थे। दोपहर में कुछ लोग जब बहियार की ओर जा रहे थे तो आशो पासवान को अपने मचान पर खून से लथपथ पड़ा देखा। नजदीक जाने से देखने पर पता चला कि चेहरे पर चाकू गोदकर और ईंट-पत्थर मार कर हत्या कर दी गई है। फिलहाल, हत्या के कारणों का कुछ खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि बगीचा के आसपास बड़े पैमाने पर देसी शराब बनाने का कारोबार होता है और इसी से जुड़े किसी विवाद में बुजुर्ग की हत्या की गई है। फिलहाल, पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजन से जानकारी जुटा रही है।
Source link