![]()
बिहार में खरीफ फसलों की बेहतर खेती और किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ किया। पटना के मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग से उन्होंने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत दो विशेष कृषि ज्ञान वाहनों सहित सभी जिलों के लिए जागरूकता वाहन भेजे गए हैं। ये वाहन गांव-गांव जाकर किसानों को खरीफ मौसम में खेती से जुड़ी नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और कृषि विभाग की सुविधाओं की जानकारी देंगे। किसानों को मिलेगी खेती की पूरी जानकारी कृषि विभाग के अनुसार, जागरूकता वाहन किसानों को धान, मक्का, दलहन, तिलहन समेत खरीफ फसलों की उन्नत खेती के बारे में जानकारी देंगे। इसके साथ ही किसानों को मौसम के अनुरूप खेती करने, बेहतर उत्पादन प्राप्त करने और लागत कम करने के उपाय भी बताए जाएंगे। वाहनों के माध्यम से किसानों को खरीफ मौसम में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अनुदानित दर पर मिलने वाले बीज, उर्वरक और अन्य कृषि उपादानों के बारे में भी अवगत कराया जाएगा। डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री पर रहेगा जोर अभियान के दौरान किसानों को डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसान डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ें ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। इसके अलावा कृषि उपकरणों के उपयोग, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कृषि विस्तार सेवाओं की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। पर्यावरण और खेत बचाने का संदेश मुख्यमंत्री ने कहा कि जागरूकता अभियान में किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। खेत बचाओ अभियान के तहत मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी दिए जाएंगे। सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और योजनाओं की सही जानकारी से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अभियान के माध्यम से राज्य सरकार खरीफ सीजन से पहले किसानों तक सीधे पहुंचकर उन्हें खेती से जुड़ी नवीनतम जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास कर रही है।
Source link