![]()
बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के ताराकुरा गांव में गुरुवार शाम 40 वर्षीय संतोष पुझार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी लवंती देवी ने गांव के जागेश्वर शाह, उनके परिजनों और अन्य लोगों पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 2-3 दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे परिजनों के अनुसार, संतोष पुझार पिछले दो-तीन दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। गुरुवार को वह घर से निकलकर ताराकुरा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने वृद्ध जागेश्वर शाह पर ईंट के टुकड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर वापस लौट गई थी। इसके करीब दो से तीन घंटे बाद संतोष पुझार की मौत की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी लवंती देवी का आरोप है कि जागेश्वर शाह को ईंट लगने के बाद उनके परिजनों और अन्य लोगों ने मिलकर संतोष की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच जारी प्रभारी थानाध्यक्ष गौतम कुमार शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। थानाध्यक्ष के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक संतोष पुझार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी लवंती देवी, माता बसिया देवी, पिता छतरी पुझार, 10 वर्षीय पुत्र मनोज पुझार और 8 वर्षीय पुत्र सनोज कुमार शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
Source link