![]()
बांका के बौंसी प्रखंड के बंधुआ कुरावा थाना क्षेत्र स्थित तिवारी चक गांव में शुक्रवार को खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय युवक कृष्णकांत कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, कृष्णकांत कुमार खेत में पटवन के लिए मोटर चालू करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए बौंसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक की मां नीलम देवी, पिता प्रमोद यादव सहित अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया। बताया जाता है कि कृष्णकांत कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के सबसे लाड़ले सदस्य थे। उनके बड़े भाई मणिकांत और सोनू भी भाई की मौत से गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णकांत मृदुभाषी, मिलनसार और मददगार स्वभाव के युवक थे। वह गांव के हर सुख-दुख में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे, इसलिए उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों में बिजली से जुड़े उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
Source link