![]()
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में 31 जुलाई शुक्रवार देर रात पुलिसकर्मियों और एक चाय दुकानदार के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार, बख्तियारपुर थाना की गश्ती दल की गाड़ी फोरलेन पुल के पास स्थित मिस्टी अमृतुल्य चाय दुकान पर रुकी थी। आरोप है कि चाय पीने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इस दौरान गश्ती दल में शामिल बीएचजी पुलिसकर्मी अंकित कुमार पर दुकानदार सौरभ कुमार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और मारपीट करने का आरोप है। इस घटना का वीडियो रविवार शाम लोक गायक शिवेश मिश्रा ने अपने फेसबुक पेज पर साझा किया। उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए घटना की निंदा की और बिहार पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। घटना के समय गश्ती दल में बीएचजी पुलिसकर्मी हरेराम महतो और एएसआई संजय कुमार भी मौजूद थे। संबंधित पुलिसकर्मियों ने इस मामले पर अपना अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि चाय का भुगतान कर दिया गया था। पुलिसकर्मियों के अनुसार, दुकानदार ने एएसआई के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद उसे समझाने और एएसआई के पास ले जाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान दुकानदार ने उनके साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी थी। एसडीपीओ बाढ़ 2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link