![]()
बक्सर की डीएम साहिला रविवार को बक्सर प्रखंड के छोटका नुआव स्थित महादलित बस्ती पहुंचीं। उन्होंने बस्ती के परिवारों के बीच दीप और मिठाइयां बांटीं और उनके साथ दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने लोगों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। डीएम ने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव, समानता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। त्योहार की खुशी तभी पूरी होती है, जब समाज के सभी वर्ग इसमें शामिल हों और एक-दूसरे की खुशियों में साथ दें। उन्होंने जिलावासियों को दीपावली की बधाई देते हुए सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। साथ ही लोगों से सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। दीप-मोमबत्ती ज्वलनशील सामान से दूर रखें दीपावली पर हादसों से बचने के लिए जिला प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी। दीप और मोमबत्तियां ज्वलनशील सामान से दूर रखने तथा बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने की अपील की गई। आतिशबाजी के दौरान बच्चों के साथ किसी बड़े के रहने को कहा गया। संकरी गलियों और घरों में पटाखे न जलाएं प्रशासन ने संकरी गलियों, घरों के अंदर और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पटाखे जलाने से बचने की सलाह दी। लोगों से एहतियात के तौर पर पानी और रेत पास रखने को भी कहा गया। बुजुर्गों और पशु-पक्षियों का रखें ध्यान प्रशासन ने दीपावली के दौरान बुजुर्गों, छोटे बच्चों, बीमार लोगों और पशु-पक्षियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही ध्वनि और धुएं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए सावधानी बरतने को कहा।
Source link